Latest News

ठाणे: मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद बिना फायर एनओसी जारी ठाणे शहर के अस्पतालों में से मनपा दमकल विभाग ने अब तक 15 अस्पतालों को सील किया है। सील किए गए अस्पतालों में मुंब्रा के 4, वागले इस्टेट के 5, नौपाडा के 3 और बालकुम के 3 हैं। इस कार्रवाई से डॉक्टर सकते में हैं।

बता दें कि शहर में ऐसे 70 अस्पताल हैं, जो बिना फायर एनओसी के चल रहे थे। पिछले महीने मुंबई उच्च न्यायालय ने इन अस्पतालों को सील करने का निर्देश ठाणे मनपा को दिया था। जिन अस्पतालों को सील किया गया है, उनका रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाएगा और इनमें अब मरीजों को भर्ती कर इलाज नहीं दिया जा सकेगा। बताया गया है कि ऐसी स्थिति में अब संबंधित डॉक्टर उक्त अस्पताल में ओपीडी जारी रखेंगे।

दूसरी तरफ, महज 15 अस्पतालों पर दमकल विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं, क्योंकि न्यायालय ने 70 अस्पतालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। सूत्रों के अनुसार, दमकल विभाग पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है, जिससे कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी है।

न्यायालय के आदेश के बाद मनपा की तरफ से इन अस्पतालों को फायर एनओसी के लिए 25 अप्रैल तक का समय दिया गया था, लेकिन वे एनओसी नहीं पेश कर सके। मनपा स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, अस्पतालों को सील करने के 48 घंटे पहले नोटिस जारी किया गया था। उक्त अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पताल में भर्ती किया गया और उसके बाद सील करने की कार्रवाई की गई।

पहले निरीक्षण, फिर कार्रवाई

मनपा के उच्च अधिकारियों की एक कमिटी बनाई गई है। उक्त कमिटी के सदस्य अस्पतालों में जाकर पहले निरीक्षण करते हैं और फिर कार्रवाई की जाती है। नवी मुंबई निवासी सपन श्रीवास्तव ने इस मामले में पिछले साल उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसके बाद न्यायालय ने यह निर्देश जारी किया।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement