Latest News

मुंबई: कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के राहुल गांधी के छात्रों से संबंधित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एकमात्र इंसान हैं, जो लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं, लोगों की आवाज बन रहे हैं, और छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से उठा रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ को छात्रों की ओर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने की बात पर थरूर ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने माना कि पार्टी शायद युवाओं और खासकर जेनजी की नब्ज पकड़ने में नाकाम रही है। 

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि जंतर-मंतर पर बच्चों ने अपने हक के लिए 37 दिन तक आंदोलन किया, उसकी गूंज पूरे विश्व में लोगों ने सुनी है। राहुल गांधी पिछले दो सालों से छात्र, युवा, महिलाएं और बेरोजगार लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर हर राज्य में काम कर रहे हैं। यह कोई नई बात नहीं है। हो सकता है शशि थरूर को इसके बारे में पता न हो। उन्होंने थरूर पर मजाकिया अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि आप भी राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जा सकते थे, लेकिन आप कभी उनके साथ नहीं गए। मैं यह बात पूरे भरोसे और गर्व के साथ कहना चाहता हूं कि आज 12-13 साल पुरानी सरकार, जो इस देश में पूरी तरह नाकाम रही है और जिसकी तानाशाही हम देख रहे हैं, उसके खिलाफ लड़ने वाले एकमात्र व्यक्ति राहुल गांधी हैं। दुनिया और देश की जनता राहुल गांधी के संघर्ष को जानती है। उन्होंने कहा कि लोग उनसे जुड़े हुए हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सभी ने देखा कि किस स्तर पर लाखों लोग राहुल गांधी से जुड़े। कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने और सरकार के खिलाफ लड़ने की क्षमता रखते हैं। 

आईआईटी दिल्ली दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी के संबोधन पर भाई जगताप ने कहा कि आईआईटी दिल्ली अपने आप में देश का बेस्ट इंस्टीट्यूट है। यह बहुत अच्छी बात है कि देश के प्रधानमंत्री अब इस तरह संवाद शुरू कर रहे हैं और बच्चों के साथ बातचीत कर रहे हैं। हमारा इसमें एक सुझाव है। उन्होंने वहां जितनी भी बातें की हैं, चाहे सुपरकंप्यूटिंग की बात हो, एडवांस टेक्नोलॉजी की बात हो या एआई के इस्तेमाल की बात हो, ये सारी चीजें सिर्फ आईआईटी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। एफसीआरए बिल को लेकर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि अगर देश को मजबूत करने के लिए कोई बिल लाया जा रहा है, तो प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को पहले सदन में आना चाहिए। 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement