Latest News

मुंबई : कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत द्वारा लगाए गए आरोपों पर शिवसेना ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि संजय राउत पिछले साढ़े चार वर्षों से लगातार आरोप लगाते आ रहे हैं, लेकिन उनके किसी भी आरोप में अब तक कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। कृष्णा हेगड़े ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब संजय राउत करोड़ों रुपये और बड़ी रकम की बातें करते हैं, तो ऐसा लगता है मानो वह स्वयं उन पैसों की गिनती कर रहे हों। उन्होंने आरोप लगाया कि राउत बिना किसी प्रमाण के राजनीतिक बयानबाजी करते हैं और उनके दावों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, संजय राउत ने आरोप लगाया था कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत कुछ सांसदों को करोड़ों रुपये का प्रलोभन देकर राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश की जा रही है। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।

हालांकि, शिवसेना की ओर से इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया गया है। कृष्णा हेगड़े ने कहा कि विपक्ष लगातार इस तरह के आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करता है, लेकिन जनता अब ऐसे दावों की सच्चाई समझ चुकी है। महाराष्ट्र की राजनीति में हाल के दिनों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हुआ है। ऐसे में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर दिए गए बयानों ने सियासी हलकों में चर्चाओं को और गर्म कर दिया है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई ठोस साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया गया है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement