Latest News

नई दिल्ली : दिल्ली और मुंबई समेत देश के आठ एयरपोर्ट पर फुल बॉडी स्कैनर लगाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी ने अपनी मंजूरी देते हुए ग्रीन सिग्नल दे दिया है। अब एयरपोर्ट ऑपरेटर इस सर्विस को ट्रायल पूरे होने के बाद जब चाहें फुल स्केल पर यात्रियों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं होगा कि एयरपोर्ट पर इन्हें यात्रियों की हर लाइनों में लगाया जाएगा। बल्कि इसके लिए एयरपोर्ट पर अलग से 'एफबीएस कॉरिडोर' बनाए जाएंगे। जहां जरूरत के मुताबिक यात्रियों को इन बॉडी स्कैनर की जांच प्रक्रिया से गुजारा जाएगा। 

देश के कई एयरपोर्ट पर हो चुका ट्रायल

अधिकारियों का कहना है कि अभी तक दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद समेत देश के कई एयरपोर्ट पर इसके कई-कई बार ट्रायल किए गए। इसमें यात्रियों को भी शामिल किया गया। लेकिन अभी तक किसी भी एयरपोर्टपर आधिकारिक रूप से इसकी शुरुआत नहीं की गई। क्योंकि, बीसीएएस की मंजूरी ना मिलने के अलावा इन बॉडी स्कैनर में रेडिएशन का भी खतरा था। इस वजह से इस तरह के बॉडी स्कैनर पर काम शुरू किया गया जो इंसानी शरीर पर बेहद कम साइड इफेक्ट डाले। खासतौर से गर्भवती महिलाओं और अन्य किसी तरह की गंभीर बीमारी से ग्रसित यात्रियों के लिए।

किन एयरपोर्ट्स पर लगेंगे स्कैनर

एविएशन सूत्रों का कहना है कि हाल ही में बीसीएएस ने देश के आठ एयरपोर्ट पर इन्हें शुरू करने की मंजूरी दे दी। इन एयरपोर्ट में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, कोच्चि और अहमदाबाद शामिल हैं। जहां शुरुआत में बॉडी स्कैनर लगाए जा सकते हैं। इससे पहले दो-तीन एयरपोर्ट पर बॉडी स्कैनर लगाए जाने की योजना थी। जिसे बढ़ाकर पहले चरण में अब आठ एयरपोर्ट से इसे शुरू करने की बात है। 

एयरपोर्ट पर नहीं लगानी होंगी लाइन

सूत्रों का कहना है कि बॉडी स्कैनरों को एयरपोर्ट पर यात्रियों की हर लाइनों में नहीं लगाया जाएगा। बल्कि इसके लिए हर एयरपोर्ट पर अलग से एफबीएस कॉरिडोर बनाए जाएंगे। ताकि जरूरत के मुताबिक संदिग्ध यात्रियों को इससे गुजारा जा सके। वैसे, जरूरत के मुताबिक, एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम अधिकारी भी इसकी सेवा ले सकेंगे।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement