बेटे की हत्याकर बैग में रखी लाश, फिर पत्थर भरकर कुएं में फेंका, तीसरी शादी के लिए पुणे में मां बनी हत्यारिन
पुणे : महाराष्ट्र के पुणे से एक हिला देनेवाली खबर सामने आई है। यहां पुलिस ने एक 22 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर उसके ही 11 महीने के बच्चे की हत्या करने का आरोप है। महिला ने यह हत्या लगभग एक महीने पहले की थी। घटना के एक महीने बाद बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस हत्या का खुलासा किया है। महिला ने बच्चे के शव को पत्थरों से भरे एक बैग में डालकर कुएं में फेंक दिया था। जांच में पता चला कि महिला कथित तौर पर तीसरी बार शादी करना चाहती थी और वह नहीं चाहती थी कि उसकी दूसरी शादी से हुआ यह बच्चा उसके रास्ते में कोई रुकावट बने।
पुणे ग्रामीण पुलिस के तहत रंजगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की एक टीम ने पूजा रविंद्र पवार नाम की महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला पुणे जिले के शिरूर तालुका के भंभारडे गांव की रहने वाली है। उस पर 8 मार्च को अपने 11 महीने के बेटे यश की हत्या करने और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंकने का आरोप है।
रंजगांव पुलिस स्टेशन के इंचार्ज इंस्पेक्टर महादेव वाघमोडे ने बताया कि 5 अप्रैल को, पूजा के पति, रविंद्र अशोक पवार ने पुलिस से संपर्क किया था। उसने पुलिस को बताया कि पूजा 8 मार्च को यश के साथ घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। चूंकि पूजा पहले भी इसी तरह कुछ दिनों के लिए घर छोड़कर जा चुकी थी, इसलिए पति ने तुरंत पुलिस से संपर्क नहीं किया। लेकिन इस बार घर से निकले हुए चार हफ्ते बीत जाने के बाद, उसने मां और बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बच्चे की हादसे में मौत की गढ़ी झूठी कहानी
जैसे ही पुणे पुलिस ने जांच शुरू की, जांच शुरू करने के कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने पूजा का पता शिरूर के जंबूत गांव में लगा लिया। जब पुलिस ने उससे बच्चे के बारे में पूछताछ की, तो उसने बताया कि 8 मार्च को बच्चा एक चबूतरे से गिर गया था और उसके सिर में चोट लग गई थी। उसने पुलिस को बताया कि वह सदमे में थी और बहुत डर गई थी, इसलिए उसने शव को कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने पूजा की निशानदेही पर बच्चे के सड़े-गले शव को बाहर निकाला गया और अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम में बच्चे के सिर की चोटों से पता चला कि यह अचनक गिरने से नहीं बल्कि फोर्स से पटकने से लगी थीं। उसके बाद पुलिस ने जांच सख्ती से शुरू की।