मुंबई : नकली टीसी गिरफ्तार, दादर स्टेशन पर यात्रियों से वसूली का कर रहा था प्रयास
मुंबई : नकली टीसी बन कर टिकट जांच के नाम पर यात्रियों से अवैध वसूली का प्रयास कर रहे व्यक्ति को असली टीसी की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया गया कि शुक्रवार की रात्रि में लगभग 9 बजे प्लेटफार्म नंबर 5 पर आयी हावड़ा मेल के यात्रियों का टिकट एक व्यक्ति चेक कर रहा था। उसी समय हेड टीसी सुखवीर जाटव को उस पर शक हुआ। उन्होंने उसे परिचय पत्र दिखाने को कहा तो वह भागने की कोशिश करने लगा।
सुखवीर जाटव ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना एसीएम मीणा को भी दी। नकली टीसी को आरपीएफ स्टाफ नरेन्द्र वाई कोली के हवाले किया गया। पूछताछ में उस नकली टीसी ने अपना नाम प्रशांत श्रीवास्तव बताया। उसके पास से ए।एस। सेल्स कॉर्पोरेशन, आईआरसीटीसी लिखा हुआ एक आइकार्ड भी मिला। पता चला कि वह कानपुर का रहनेवाला है और रेलवे के पेंट्रीकार में चाय बेचने का काम करता था। उसके पास वेटर का पहचानपत्र भी मिला है। दादर जीआरपी उस नकली टीसी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।