Latest News

चेन्नै : कठिन पिच पर राजस्थान रॉयल्स की अनुशासित गेंदबाजी के सामने जबर्दस्त धीरज दिखाते हुए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 46 गेंद में नाबाद 75 रन बनाए जिसकी बदौलत आईपीएल मैच में चेन्नै सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को आठ रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। धोनी ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए टीम को पांच विकेट पर 175 रन तक पहुंचाया। जवाब में रॉयल्स की टीम आठ विकेट पर 167 रन ही बना सकी और यह उनकी लगातार तीसरी हार थी। बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने 44 रन की साझेदारी करके उम्मीद जगाई लेकिन ड्वेन ब्रावो ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी की जबकि रॉयल्स को 12 रन की जरूरत थी।  पिछले मैच में यहां टर्निंग पिच थी लेकिन आज यह बल्लेबाजों के लिए अलग तरह की चुनौती साबित हुई। इस पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिली और स्ट्रोक्स खेलना आसान नहीं था। धोनी और रविंद्र जडेजा ने जयदेव उनादकत के आखिरी ओवर में 28 रन लिए। चेन्नै ने आखिरी तीन ओवर में 60 रन बनाए। धोनी ने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के जड़े। इससे पहले सुरेश रैना (36) और धोनी ने चौथे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। धोनी ने वेस्ट इंडीज के ड्वेन ब्रावो के साथ भी 56 रन जोड़े। रॉयल्स के तेज गेंदबाजों की तिकड़ी जोफ्रा आर्चर, धवल कुलकर्णी और बेन स्टोक्स ने अनुशासित गेंदबाजी की। उन्होंने पावरप्ले में सिर्फ 29 रन देकर चेन्नई के शीर्ष तीन बल्लेबाजों को आउट किया। 

इसके बाद धोनी और रैना क्रीज पर आए। दोनों ने इक्के दुक्के रन लेकर रनगति को आगे बढाये रखा। दस ओवर में चेन्नै का स्कोर सिर्फ 55 रन था और सात ही चौके लगे थे। इसके बाद रैना और धोनी ने हाथ खोले और टीम को संकट से निकाला। रैना को उनादकत ने पवेलियन भेजा। रॉयल्स के लिए स्टीव स्मिथ (30) और राहुल त्रिपाठी (39) ने चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। इमरान ताहिर ने दोनों को पविलियन भेजकर रॉयल्स की वापसी की उम्मीदों पर लगभग पानी फेर दिया। बेन स्टोक्स ने 26 गेंद में 46 रन बनाए लेकिन जब आखिरी ओवर में 12 रन चाहिए थे तो वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इस ओवर में तीन ही रन बने। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement